आसनसोल

दामोदर नदी तट से मिला द्वितीय विश्व युद्ध कालीन मोर्टार शेल

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

बांकुड़ा : सोनामुखी थाना अंतर्गत दामोदर नदी के तट से एक जिंदा मोर्टार शेल बरामद हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि यह द्वितीय विश्व युद्ध कालीन मोर्टार शेल है। बार-बार नदी किनारे विस्फोटक सामग्री मिलने से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया है और सेना के बम निरोधक दस्ते को सूचित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, डिहीपाड़ा ग्राम पंचायत के रांगामाटी इलाके में ग्रामीणों ने नदी किनारे मोर्टार शेल देखा और तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही सोनामुखी थाने के आईसी तापस दत्त भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा घेरा बनाते हुए ग्रामीणों को दूर रहने की चेतावनी दी। पुलिस का कहना है कि सेना के विशेषज्ञों की टीम जल्द पहुंचकर मोर्टार शेल को डिफ्यूज करेगी।

ग्रामीणों की मांग : नदी क्षेत्र में चले व्यापक सर्च ऑपरेशन

स्थानीय निवासी दुखीराम सोरेन और शिबू प्रसाद मंडल ने कहा कि बीते कुछ महीनों में इसी इलाके से 3 मोर्टार शेल मिल चुके हैं, जिन्हें सेना ने निष्क्रिय किया था।लगातार नदी से जिंदा शेल निकल रहे हैं, जिससे पूरे गांव में डर का माहौल है। प्रशासन से मांग है कि पूरे नदी क्षेत्र में आधुनिक उपकरणों से सर्च ऑपरेशन चलाया जाए, ताकि छिपे हुए अन्य विस्फोटकों का पता लगाया जा सके।

पंचायत प्रधान बोले : सुरक्षा प्राथमिकता

डिहीपाड़ा ग्राम पंचायत के प्रधान मृत्युंजय विश्वास ने कहा, 'सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मछुआरों और ग्रामीणों को नदी के उस हिस्से में जाने से पूरी तरह रोक दिया गया है। सेना और पुलिस के साथ तालमेल बनाकर इसे जल्द निष्क्रिय कराया जाएगा।'

SCROLL FOR NEXT