सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : छठ महापर्व के अवसर पर दामोदर भूतनाथ घाट पर आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने घाट के विकास को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दामोदर घाट को अब एक नए रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि यह आने वाले दिनों में आसनसोल की पहचान बन सके। मंत्री ने कहा कि ब्रिज जहां उतरेगा, वहां सड़क बनेगी। इस ब्रिज के माध्यम से पूरा आसनसोल दक्षिण और पश्चिम बर्दवान, पुरुलिया से कनेक्ट होगा। उन्होंने कहा कि इस ब्रिज को लेकर कई विषय हैं, लेकिन इसे शानदार तरीके से डेवलप किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि अगर मुंबई में मरीन ड्राइव हो सकता है, गुजरात में साबरमती हो सकता है, तो पश्चिम बंगाल के आसनसोल दक्षिण में दामोदर घाट क्यों नहीं हो सकता। इस जगह को हम इस तरह से विकसित करना चाहते हैं कि यहां बड़े-बड़े होटल आएं, बड़े-बड़े ऑफिस हों, बैंक हों। इसके साथ ही बैठने की जगह, रीक्रिएशन की व्यवस्था हो। जैसे गंगा आरती होती है, वैसे ही दामोदर आरती होगी। उन्होंने कहा कि इसको लेकर बहुत सपने हैं, बहुत प्लानिंग है। डीएम और नगर निगम के प्रशासक से भी इस बारे में बात हुई है। सरकार बनने के बाद अब जिम्मेदारी लेकर काम किया जा रहा है।
साफ सफाई पर सबको ध्यान देना होगा : मंत्री ने लोगों से भी अपील की कि सिर्फ मंत्री, सिर्फ निगम, सिर्फ पुलिस से नहीं बल्कि सबको एक साथ आना होगा। घाट को इतनी सुंदरता से बनाया गया है, इसे हम गंदा नहीं करेंगे। खाने के बाद कप नहीं फेंकेंगे, प्लास्टिक पानी में नहीं फेंकेंगे। यह जिम्मेदारी सबको मिलकर निभानी होगी, तभी राज्य आगे बढ़ेगा। आगे कहा कि पिछले पचास साल में किसी ने लोगों को नहीं सिखाया कि यह राज्य भी तुम्हारा है। जैसे तुम अपना घर साफ रखते हो, वैसे ही यह राज्य भी तुम्हारा है। अगर सब मिलकर काम करने का संकल्प लें, तो पश्चिम बंगाल को जरूर आगे ले जाया जा सकता है। जिस तरह एक समय बंगाल भारत की राजधानी था, उसी तरह बंगाल को फिर से जगत सभा में श्रेष्ठ आसन दिलाना है। उन्होंने छठी मैया से पश्चिम बंगाल की खुशहाली और विकास के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर डीसीपी हेडक्वार्टर केजी मीणा, डीसीपी ट्रैफिक अविनाश जधावड़, नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा, जिला महासचिव प्रशांत चटर्जी, मंडल -1 अध्यक्ष सोमनाथ मंडल, राज्य कार्यकारणी सदस्य पवन कुमार सिंह सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।