अभय, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : लाखों रुपये की ठगी करने से संबंधित मामले में आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले पर अपनी छानबीन की प्रक्रिया जारी रखते हुए 3 और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार होने वाले अभियुक्तों में देवाशीष पाल, अभिजीत मंडल तथा सुमंत मंडल शामिल हैं। उन्हें बुधवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने उक्त कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी समेत अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए उन्हें पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। तमाम दलीलों को सुनने के उपरांत अदालत ने अभियुक्तों की जमानत अर्जी रद्दकर उन्हें 4 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया।
क्या थी पूरी घटना ?
बताया जाता है कि बीते 6 अक्टूबर को प्रतिबिंब पोर्टल की नियमित जांच के दौरान यह पता चला कि देशव्यापी साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से जुड़े कुछ मोबाइल नंबर, उपकरण और बैंक खाते आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के क्षेत्र में स्थित स्थानों से जुड़े हुए हैं। वहीं प्रारंभिक तकनीकी विश्लेषण से एक संरचित नेटवर्क का भी संकेत मिला, जहां व्यक्ति धोखाधड़ी से प्राप्त की गई धन राशि को कई बैंक खातों के माध्यम से भेजता था, ताकि उसके स्रोत को छिपाया जा सके। इसके साथ ही इनके मुख्य संचालकों की भी पहचान छुपाई जा सके। बता दें कि यह नेटवर्क अलग-अलग परस्पर जुड़े हुए भूमिकाओं के माध्यम से संचालित होता था, जिनमें धोखाधड़ी करने वाले संचालक अपना भ्रामक संचार कर "म्यूल" खाते उपलब्ध कराते हैं और उक्त वारदात में एटीएम और अन्य चैनलों के माध्यम से नकदी निकालने वाले एजेंट भी शामिल हैं। वहीं पुलिसिया जांच के दौरान यह पता चला था कि अभियुक्तों के बैंक खाता में धोखाधड़ी से 2 लाख 29 हजार 200 रुपये जमा किए गए थे। इसके साथ ही यह भी पाया गया था कि उक्त बैंक खाते के विरुद्ध धोखाधड़ी से संबंधित लेन-देन के संबंध में 5 शिकायतें भी दर्ज की गई थी। हालांकि उक्त मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।