इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक जागरूकता का संदेश फैलाने के साथ ही कांकसा ट्रैफिक गार्ड ने मानवीय पहल की मिसाल पेश की है। रविवार शाम कांकसा ट्रैफिक गार्ड की ओर से कार्यालय के सामने सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसी कार्यक्रम में इलाके के 350 जरूरतमंद लोगों को सर्दी के कंबल वितरित किए गए। इस दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, डीसीपी ट्रैफिक यादव अविनाश भीमराव, एसीपी एमडी अली रजा, ट्रैफिक एसीपी राजकुमार मालाकार, बीडीओ सौरभ गुप्ता, बीएलआरओ मंजू कांजीलाल, आईसी संदीप दास और ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी एमडी अशरफुल इस्लाम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में अच्छे काम के लिए कई व्यक्तियों और सेवा प्रदाताओं को सम्मानित किया गया। वहीं छठ पूजा और काली पूजा को सुचारू रूप से संपन्न कराने में विशेष भूमिका निभाने वालों को सम्मान दिया गया।