खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के छोटा टेंगरा इलाके में काली मंदिर के निकट स्थित एक विद्युत खंभे की भूमिगत बिजली तार से प्रवाहित करंट की चपेट में आकर गुरुवार को एक गाय की मृत्यु हो गयी। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी व्याप्त हो गयी है। गाय़ की मृत्यु के लिए स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। मालूम हो कि इन दिनों खड़गपुर में बिजली के तारों को अंडर ग्राउंड किया जा रहा है। छोटा टेंगरा में भी यह कार्य किया गया है, लेकिन सही तरीके से बिजली के तारों को जमीन के नीचे नहीं बिछाने से करंट लगने से गुरूवार को एक गाय की मृत्यु हो गयी। कुछ माह पहले खड़गपुर के मलिंचा में हितकारिणी स्कूल के सामने स्थित एक बिजली ट्रांसफार्मर के तार से करंट लगने से 2 गायों की मृत्यु हो गयी थी, लेकिन इस घटना के बावजूद बिजली विभाग ने कुछ सबक नहीं लिया और गुरुवार को छोटा टेंगरा में इसी प्रकार करंट लगने से एक और गाय की मृत्यु हो गयी। वहीं खड़गपुर में सड़कों के किनारे स्थित कई बिजली पोस्ट की स्थिति भी सही नहीं है। जिसकी वजह से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। खड़गपुर नगर पालिका की चेयरपर्सन कल्याणी घोष ने कहा कि असुरक्षित विद्युत पोस्ट और तार पर पालिका की ओर से ध्यान दिया जाएगा। ताकि आइंदा कोई दुर्घटना न हो सके।