आसनसोल

जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद में दंपति ने की आत्महत्या

मृत दंपति की बेटी ने बाराबनी थाने में करायी लिखित शिकायत दर्ज

बाराबनी : बाराबनी थाने के जामग्राम ग्राम पंचायत के रसूनपुर गांव में जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद में एक दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर बाराबनी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पीछे का दरवाजा खोलकर दोनों शवों को फंदे से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। मृत दंपति का नाम निर्मल मंडल और ज्योत्सना मंडल है। जानकारी के अनुसार दंपति ने अपने 12 वर्षीय बेटे को बगल के कमरे में सुलाकर आने के बाद घटना को अंजाम दिया। मृत दंपति की शादीशुदा बेटी वर्षा पातर ने बाराबनी थाने पहुंच कर अपने चाचा उत्तम मंडल, चाची पुतुल मंडल और उनके बेटे विष्णु मंडल के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। शिकायत में उसने लिखा है कि उसके माता-पिता को उसके चचा,चाची व चचेरा भाई हमेशा प्रताड़ित किया करते थे। जमीन को लेकर उनसे हमेशा गाली-गलौच किया जाता था। घटना के दिन भी उक्त रिश्तेदारों द्वारा विवाद किया गया जिस कारण उसके माता-पिता ने मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर आत्महत्या कर ली। उसके चाचा का परिवार हमेशा उसके माता-पिता को आत्महत्या के लिए उकसाने का काम किया करता था। सनद रहे कि मृत दंपति की विवाहित बेटी की ससुराल सालानपुर में है। पुलिस का कहना है कि दंपति ने जहां आत्महत्या की है, वहां दरवाजे के पास ईंट के कई टुकड़े पड़े हुए थे। पुलिस ने बताया इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार अदालत से चार दिनों की रिमांड पर लिया गया है।

SCROLL FOR NEXT