वायरल वीडियो का फोटो  
आसनसोल

जिला अध्यक्ष बदलते ही कार्यालय में गंगाजल छिड़काव से विवाद

बर्दवान में जिलाध्यक्ष बदलने के तुरंत बाद बीजेपी कार्यालय में गंगाजल छिड़कने पर विवाद, डैमेज कंट्रोल में जुटा जिला नेतृत्व

Gopal Kumar Singh

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

बर्दवान : ​गत 25 सितंबर को बर्दवान सांगठनिक जिला बीजेपी अध्यक्ष पद पर बदलाव किया गया, लेकिन ठीक उसके अगले दिन पार्टी कार्यालय में गंगाजल छिड़ककर ''शुद्धिकरण'' करते हुए विश्व हिंदू परिषद के एक नेता को देखा गया। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो वायरल होते ही बीजेपी के अंदर तीखा विवाद खड़ा हो गया। स्थिति बिगड़ती देख जिला बीजेपी नेतृत्व तुरंत डैमेज कंट्रोल में जुट गया।

​25 तारीख को राज्य बीजेपी की ओर से बर्दवान सांगठनिक जिला अध्यक्ष के रूप में अभिजीत ता की जगह वकील आशीष पाल के नाम की घोषणा की गई थी।

​इसके तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो गया। इसमें खुद को विश्व हिंदू परिषद का मध्य बंगाल गोरक्षा प्रमुख बताने वाले रंगन पात्र को जिला पार्टी कार्यालय को गंगाजल से ''शुद्ध'' करते देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होते ही जिला बीजेपी भारी असहजता में आ गई। ​पार्टी के भीतर ही ये चर्चा फैलने लगीं कि अभिजीत ता को अध्यक्ष पद से हटाने के कारण ही पार्टी कार्यालय में गंगाजल छिड़का जा रहा है। विवाद को रोकने के लिए जिला बीजेपी मैदान में उतरी। ​पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया पर रंगन पात्र का एक बयान जारी किया गया।

रंगन पात्र ने कहा

बीजेपी द्वारा साझा किए गए बयान में रंगन पात्र ने बताया कि गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण इसलिए किया गया था क्योंकि 4 मई को बीजेपी के सत्ता में आने के बाद कुछ उच्छृंखल और उपद्रवी व्यक्तियों ने जिस तरह का रवैया अपनाया था, उससे समाज, जिला और शहर परेशान हो चुका था। उनके खिलाफ और आने वाले दिनों में नए जिलाध्यक्ष बनने के बाद सब कुछ ठीक रहे, पहले की जो समस्याएं थीं वे दूर हों, अराजकता न रहे और संगठन व सरकार सुचारू रूप से चले, इसी के आशीर्वाद के लिए उन्होंने ऐसा किया। किसी व्यक्ति को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं। ​

भाजपा ने सफाई दी

हालांकि, इस पूरे मामले पर जिला बीजेपी पूरी तरह डैमेज कंट्रोल मोड में आ गई है। बर्दवान सांगठनिक जिला बीजेपी के प्रवक्ता कल्याण मांझी ने बताया कि गोरक्षक समिति का प्रमुख होने का दावा करने वाले रंगन पात्र बीजेपी का कोई कार्यकर्ता नहीं हैं। उन्होंने अति-उत्साहित और भावुक होकर पार्टी कार्यालय के चारों ओर गंगाजल छिड़का है। वह उनका व्यक्तिगत मामला है, पार्टी से इसका कोई लेना-देना नहीं है और पार्टी इसका समर्थन नहीं करती। जिला बीजेपी ने यह भी दावा किया कि इस घटना के लिए उन्होंने (रंगन पात्र ने) अपनी गलती स्वीकार कर ली है। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया द्वारा जो विवाद खड़ा किया जा रहा है, उसे यहीं समाप्त कर दिया जाना चाहिए।

SCROLL FOR NEXT