अंडाल : बीते वर्षों की तरह इस बार भी आईएनटीटीयूसी से संबद्ध कोयला खदान ठेका श्रमिक यूनियन काजोड़ा क्षेत्र के ठेका कर्मियों के प्रति सार्थकता साबित की है। परासकोल स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में यूनियन प्रतिनधियों एवं ठेकेदारों के बीच दुर्गापूजा एवं काली पूजा बोनस के मुद्दे पर बैठक हुई। बैठक में संगठन के महासचिव प्रदीप कुमार पोद्दार, तृणमूल कांग्रेस नेता सह बहुला ग्राम पंचायत के उपप्रधान बीरबहादुर सिंह एवं क्षेत्र के करीब 16 ठेकेदार उपस्थित थे। दोनों पक्षों के बीच हुई बैठक में अंततः प्रत्येक ठेका कर्मी को 8 हजार रुपये पूजा बोनस देने पर सहमति बनी। पूजा बोनस पर सहमति बनते ही काजोड़ा क्षेत्र के विभिन्न भूमिगत खदानों में काम करने वाले 500 से अधिक ठेका कर्मियों में ख़ुशी का माहौल व्याप्त है। गौरतलब है कि बीते वर्ष काजोड़ा क्षेत्र के ठेका कर्मियों को 6500 रुपये बोनस मिला था। प्रदीप कुमार पोद्दार ने कहा कि ठेकेदारों के साथ बोनस के मुद्दे पर समझौता होने से ठेका कर्मियों में ख़ुशी की लहर व्याप्त है। हम सब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व तृणमूल कांग्रेस के सैनिक है। जो मजदुर वर्ग के हितों की लड़ाई लड़ते है। बीरबहादुर सिंह ने कहा कि ठेका कर्मियों को 8 हजार रुपये पूजा बोनस देने पर ठेकेदार सहमत हुए है। ठेका कर्मियों व उनके परिवारों का तृणमूल कांग्रेस के प्रति आस्था व विश्वास बढ़ेगा।