सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को लेकर कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान तेज कर दिया है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरजीत सिंह, एआईसीसी सदस्य देवेश भट्टाचार्य, महासचिव पामलु मजूमदार, शशि दुबे, प्रेम सिंह और कमलजीत कौर ने कहा कि एसआईआर में पारदर्शिता की कमी से पात्र मतदाताओं के मताधिकार पर संकट है। देवेश भट्टाचार्य ने बताया कि निर्वाचन आयोग के हलफनामे के अनुसार जिले में नाम हटाने के खिलाफ 64,829 अपीलें दर्ज हुई थीं, जिनमें से 934 का ही निपटारा हुआ और 63,895 लंबित हैं। पांडवेश्वर में 35,409 नाम कम होने का दावा किया गया। हरजीत सिंह ने कहा कि पार्टी घर-घर जाकर शिकायतें जुटाएगी और डीएम व निर्वाचन अधिकारियों से मिलेगी। शशि दुबे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। कांग्रेस ने 29 अक्टूबर को जिला कमेटी की विस्तारित बैठक और बूथ एजेंटों के प्रशिक्षण के बाद 20 दिन तक जनसंपर्क अभियान चलाने का ऐलान किया है।