विनोद, सन्मार्ग संवाददाता
रानीगंज : राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के सर्विस रोड पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों से आम लोगों का चलना मुश्किल हो गया था। पंजाबी मोड़ से लेकर रानीसायर मोड़ तक सर्विस रोड पर बड़े मालवाहक वाहनों से लेकर छोटे चार पहिया वाहनों को इस तरह खड़ा कर दिया जाता था कि सड़क संकरी हो जाती थी। इससे न केवल जाम लगता था, बल्कि हर समय गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। आम लोगों की इसी परेशानी को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर सोमवार को रानीगंज ट्रैफिक विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने पंजाबी मोड़ से लेकर टीबी अस्पताल मोड़ तक सर्विस रोड और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाया। कई वाहन चालक अपनी गाड़ी के भीतर ही बैठे मिले, तो कई चालक गाड़ी खड़ी कर मौके से गायब थे। ऐसे चालकों के विरुद्ध सख्ती दिखाते हुए कई वाहनों का चालान काटा गया।
ट्रैफिक विभाग ने वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सर्विस रोड या मुख्य सड़क के किनारे गाड़ी अवैध रूप से खड़ी न करें। भविष्य में दोबारा ऐसा करने पर और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि यातायात को सुचारु रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सड़क किनारे खड़े बड़े वाहनों के कारण पीछे से आने वाले चालकों को आगे का रास्ता दिखाई नहीं देता। ऐसे में अचानक ब्रेक लगाने या वाहन मोड़ने पर बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर थोड़ी-सी लापरवाही भी किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। अब देखना होगा कि ट्रैफिक विभाग की इस सख्ती के बाद सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग की समस्या से आम लोगों को कितनी राहत मिलती है।