सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के अधीन कोयला खान भविष्य निधि संगठन (CMPF) के आयुक्त डॉ. गोपाल सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय, आसनसोल का आधिकारिक दौरा किया। दौरे के दौरान डॉ.गोपाल सिंह ने कार्यालय की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कोयला कर्मियों एवं उनके परिजनों से संबंधित भविष्य निधि (PF) और पेंशन के दावों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्वरित निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी लगन और ईमानदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कोयला खदान श्रमिकों और पेंशनभोगियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं प्रदान करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए दावों के समयबद्ध निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर क्षेत्रीय आयुक्त-I अजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय आयुक्त-I एनके मिश्रा, क्षेत्रीय आयुक्त-II एवाई भरत कुमार तथा सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।