जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : कोयले के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाये जा रहे अभियान के बीच अब कोयला तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गये हैं कि वे कार्रवाई करने वाली सुरक्षा टीम को ही निशाना बनाने लगे हैं। राजा कोलियरी में अवैध खनन के 24 मुहानों की भराई कर लौट रही सीआईएसएफ और ईसीएल की संयुक्त सुरक्षा टीम पर हमला कर दिया गया। बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के समीप जंगल में घात लगाकर बैठे करीब 8 से 10 हमलावरों ने जवानों के वाहन को घेरकर जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, कार्रवाई के दौरान जब्त की गयी दो मोटर साइकिलों में से एक को हमलावर लेकर फरार हो गये। दूसरी बाइक भी लूटने का प्रयास किया गया, लेकिन अतिरिक्त जवानों के पहुंचने पर उसे जंगल में छोड़कर भागना पड़ा। इस घटना ने कोयला तस्करी के खिलाफ अभियान में जुटी सुरक्षा एजेंसियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। वहीं जिस टीम ने कुछ घंटे पहले अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराया था, उसी टीम को वापसी के दौरान हमलावरों का सामना करना पड़ा। इससे साफ है कि अवैध कोयला कारोबार से जुड़े तत्व कार्रवाई का विरोध करने के लिए हिंसक रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
ड्राइवर ने उठाये सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद बोलेरो ड्राइवर सह मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाये हैं। उनका कहना है कि उनके वाहन का टेंडर बरमुरी कोलियरी के मैनेजर को लाने-ले जाने के लिए हुआ था, लेकिन प्रबंधन की ओर से उन्हें सीआईएसएफ की ड्यूटी में लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब जवानों के साथ दिनदहाड़े इस तरह की घटना हो सकती है, तो वाहन ड्राइवरों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। यदि समय पर अतिरिक्त जवान नहीं पहुंचते, तो हमलावर उनके साथ भी कोई गंभीर वारदात कर सकते थे।
हमलावरों की पहचान का दावा
ईसीएल के क्षेत्रीय इंस्पेक्टर इंचार्ज रूपेश मिश्रा ने बताया कि राजा कोलियरी में अभियान चलाकर 24 अवैध मुहानों की भराई करायी गयी थी। अभियान समाप्त कर लौट रही सुरक्षा टीम पर कोयला तस्करों ने हमला किया और जब्त मोटर साइकिल लेकर फरार हो गये। उन्होंने दावा किया कि घटना में शामिल लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। इस संबंध में थाना में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।