आसनसोल

सीएम ने किया बजरंगबली की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर प्रतिमा का अनावरण किया

Gopal Kumar Singh

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शहर के सिटी सेंटर स्थित नगर निगम चौराहे के पास बजरंगबली की भव्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सृजनी प्रेक्षागृह में प्रशासनिक बैठक की थी। बैठक के बाद वे रोड शो करते हुए चौराहे की ओर बढ़े। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों किनारों पर बड़ी संख्या में लोग खड़े थे। मुख्यमंत्री के चौराहे पर पहुंचते ही जनसमूह ने जयघोष किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने विधि-विधान के साथ बजरंगबली की पूजा-अर्चना भी की। वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच पूरा कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर हजारों लोग उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि दुर्गा पूजा के दौरान 54 फुट में इच्छा पूरण समिति की ओर से अयोध्या के प्रसिद्ध श्रीराम मंदिर की थीम पर पूजा पंडाल का निर्माण किया गया था। पंडाल के सामने बजरंगबली की 30 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई गई थी। वह प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी थी।

दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखन घोरूई की पहल पर इस प्रतिमा को नगर निगम चौराहे के पास स्थापित किया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के हाथों इसका अनावरण हुआ। जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जय श्रीराम और बजरंगबली की जय के जयघोष लगाए। उन्होंने कहा कि यह हमारी सनातन परंपरा का प्रतीक है। यहां प्रतिमा स्थापित होना अत्यंत श्रद्धा और आस्था का विषय है।

इस अवसर पर विधायक लखन घोरुई के साथ सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, जिला अध्यक्ष आशीष पाल, पारिजात गांगुली सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT