सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : 24 सितंबर 2026 को SAIL-ISP बर्नपुर में होने वाले यूनियन चुनाव से पहले चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में एबीके मेटल एंड इंजीनियरिंग वर्कर्स यूनियन (CITU) ने न्यूटाउन स्थित SAIL-ISP के वर्कर क्वार्टर इलाके में एक विशाल मोटर बाइक रैली निकाली। रैली ने पूरे न्यूटाउन क्षेत्र का दौरा किया और कर्मचारियों के बीच अपनी मांगों और एजेंडे का प्रचार-प्रसार किया।
CITU के प्रमुख चुनावी मुद्दे और वादे
यूनियन ने 18 सूत्री मांग पत्र के साथ प्रचार किया, जिसमें मुख्य रूप से - सभी कर्मचारियों को जूनियर इंजीनियर का पदनाम दिलाने, कर्मचारियों के बच्चों के लिए CBSE/ICSE स्कूल की स्थापना या स्कूल फीस की व्यवस्था,कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों को अच्छे अस्पतालों में स्वतः और समय पर रेफर की व्यवस्था, अस्पताल की सुविधाओं के विकास और राष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल का निर्माण, आवासीय क्षेत्रों को सुरक्षित एरिया घोषित कराना और टाउन सर्विसेज को बेहतर बनाना, दुर्घटना बीमा के साथ स्वाभाविक मृत्यु पर भी बीमा सुविधा, एग्जीक्यूटिव और नॉन-एग्जीक्यूटिव के बीच छुट्टी और चिकित्सा सुविधा में भेदभाव खत्म करना, कॉन्ट्रैक्ट वर्करों को न बदलना और 26 दिन काम की सुरक्षा सुनिश्चित करना। मौके महासचिव सोरेन चटर्जी ने कहा कि आपका एक अमूल्य वोट ही तय करेगा कि आने वाले तीन वर्षों में आपके लिए संघर्ष कौन करेगा। इस मौके पर प्रतीक गुप्ता, जयजीत रॉय चौधरी, कार्तिक मिड्डा दास, राजीव रंजन कुमार, मिलन व्यापारी, कल्याण मंडल, कल्याण लायक, कालिदास पाल, अशोक क्योरा सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।