सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल/सांकतोड़िया : केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीर रंजन(आईपीएस) ईसीएल के कोयला क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, अवैध खनन एवं कोयला चोरी की रोकथाम एमएमडीआर एक्ट के प्रभावी प्रवर्तन तथा सीआईएसएफ की परिचालन तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। दौरे के दौरान महानिदेशक ने कोयला क्षेत्रों की बदलती सुरक्षा चुनौतियों, संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा तथा अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा एवं प्रवर्तन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, समयबद्ध सूचना साझाकरण और समन्वित कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया।
ईसीएल प्रबंधन एवं पुलिस आयुक्त के साथ बैठक
उन्होंने आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र में ईसीएल से संबंधित समग्र सुरक्षा परिदृश्य का विस्तृत आकलन किया। विशेष रूप से अवैध खनन, कोयला चोरी, संवेदनशील एवं सुभेद्य क्षेत्रों की सुरक्षा, अवैध आवाजाही पर नियंत्रण तथा एमएमडीआर एक्ट के प्रभावी प्रवर्तन से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।एमएमडीआर एक्ट के प्रवर्तन के दौरान सामने आ रही व्यावहारिक एवं परिचालन चुनौतियों की जानकारी ली।
संयुक्त सैनिक सम्मेलन में बल सदस्यों को किया संबोधित
सीआईएसएफ इकाइयों से आए बल सदस्यों के संयुक्त सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने बदलती सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप बल सदस्यों को अपनी पेशेवर दक्षता एवं सतर्कता को निरंतर बेहतर बनाने तथा समर्पण, प्रतिबद्धता, अनुशासन और सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। विशेष रूप से कोयला क्षेत्र में सीआईएसएफ की जिम्मेदारियों तथा MMDR Act के प्रभावी प्रवर्तन में बल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन गैंबलिंग के प्रति किया सतर्क
महानिदेशक ने सैनिक सम्मेलन में साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन गैंबलिंग के बढ़ते जोखिमों पर भी विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने बल सदस्यों को डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहने, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से बचने और वित्तीय लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के बदलते स्वरूप को देखते हुए केवल बल सदस्य ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों का भी जागरूक होना आवश्यक है। बैठक में सीआईएसएफ महानिदेशक प्रवीर रंजन, ईसीएल के निदेशक एचआर गुंजन कुमार सिन्हा, आसनसोल दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, अपर महानिदेशक (उत्तर) विनीता ठाकुर, महानिरीक्षक एनईएस-II शिव कुमार मोहनका ,उप महानिरीक्षक एनईजेड-II के. पी. सिंह, कमांडेंट राहुल सिंह गौतम उपस्थित रहे।