पांडवेश्वर : कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के निदेशक (तकनीकी) अच्युत घटक ने पांडवेश्वर क्षेत्र का दौरा किया। क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमिताभ भट्टाचार्य ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके दौरे के दौरान एक उच्च स्तरीय व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न कोलियरियों के अभिकर्ताओं, विभागाध्यक्षों और प्रबंधकों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु उत्पादन और उत्पादकता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे रहे। उन्होंने परिचालन दक्षता को बढ़ाने और वर्तमान चुनौतियों से निपटने के लिए विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए तकनीकी बारीकियों और कार्यकुशलता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
खोट्टाडीह ओसीपी का निरीक्षण
निदेशक (तकनीकी) ने खोट्टाडीह ओसीपी का भी दौरा किया, जहां उन्होंने चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। परिचालन में किसी भी प्रकार की बाधा को रोकने के लिए उन्होंने कई बिंदुओं पर विशेष बल दिया जैसे कि कार्यों को बिना रुके जारी रखने के लिए समय पर अनुबंध प्रदान करना, निरंतर उत्पादकता सुनिश्चित करने के लिए नई योजनाओं को शीघ्र लागू करना आदि। उनके इस दौरे से पांडवेश्वर क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों में नया उत्साह देखा गया।