बर्नपुर : सेल आईएसपी के रिवरसाइड टाउनशिप में लगातार चोरी की घटना से टाउनशिप में रहने वालों लोगों में दहशत पैदा हो गई है। गौरतलब है कि रिवरसाइड टाउनशिप में यह पांचवीं बार चोरी की घटना हुई है। इससे पहले भी एक बंगले से लगभग 12 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी हो चुकी है, जिसकी अब तक कोई बरामदगी नहीं हो सकी। वहीं सेल आईएसपी के एजीएम विवेक कुमार के सी टाइप क्वार्टर 18/7 में 15 लाख रुपये की चोरी की घटना को चोरो ने अंजाम दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महालया की रात एवं पटाखों की तेज आवाज की आड़ में चोरों ने उनके आवास को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। महालया की रात होने के कारण आसपास के लोगों को पटाखों की आवाज में कुछ भी सुनाई नहीं पड़ा। वहीं जब सुबह हुई तब चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना हीरापुर थाना को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिए उठाई आवाज
रिवरसाइड टाउनशिप में रहने वाले विवेक कुमार 20 सितम्बर को अपने परिवार सहित दुर्गापुर कुछ काम से गए हुए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। वहीं सेल आईएसपी के एक अधिकारी ने बताया कि चोरों को पता रहता है कि कौन घर में ताला लगाकर बाहर जा रहा है और चोर उसी घर को निशाना बनाते हैं। वहीं रिवरसाइड टाउनशिप में 6 जुलाई की रात लगभग 2 बजे हुई चोरी की घटना भी तब हुई जब घर के मालिक अपनी ससुराल गए हुए थे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। वहीं सेल आईएसपी का पेट्रोलिंग दल भी सिर्फ औपचारिकता निभाता है और रात में गश्त करने की बजाय सोता रहता है।