सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : बीते 12 सितंबर की रात सालानपुर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप बाइक से जा रहे एक सिक्युरिटी गार्ड से उसके बैग की छिनतई करने का प्रयास किया गया था। इसके साथ ही उस पर हमला कर फायरिंग करने की भी बात सामने आई थी। सालानपुर थाना पुलिस उक्त कांड में शामिल कुछ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उन्हें रिमांड पर भी लिया था। हालांकि अपनी छानबीन की प्रक्रिया जारी रखते हुए पुलिस ने उक्त कांड में शामिल एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसे भी दोबारा रिमांड पर लिया था। दोबारा रिमांड पर लिए गए अभियुक्त का नाम प्रमोद गोश्वामी बताया गया था। वहीं उसकी रिमांड अवधि समाप्त होते ही उसे पुनः शुक्रवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने अभियुक्त की जमानत अर्जी रद्दकर उसे अगली सुनवाई होने तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। उल्लेखनीय है कि बीते 12 सितंबर की रात धानगुड़ी स्थित हिंदुस्तान केबल्स निवासी हरिदास लायक अपनी बाइक पर सवार होकर अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। वहीं जैसे ही वह दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप पहुंचे वैसे ही 3 अज्ञात लोगों ने उनसे उनके बैग की छिनतई करने का प्रयास किया था। इसके साथ ही अभियुक्तों ने हमला कर उन पर फायरिंग भी की थी, हालांकि उस दौरान वह अपने बाइक से गिरकर घायल हो गए थे, जबकि सभी अभियुक्त मौका देखकर वहां से फरार हो गए थे। उक्त घटना की खबर पाकर मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर अपनी छानबीन शुरू कर दी थी। फिलहाल पुलिस पिछले कई दिनों से इस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।