मंत्री अग्निमित्रा पॉल  
आसनसोल

छठ आस्था, संयम और सूर्य उपासना का सबसे बड़ा पर्व है : मंत्री

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने दामोदर भूतनाथ घाट पर दी भगवान सूर्य को संध्या अर्घ

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल / बर्नपुर : छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को संध्या अर्घ के अवसर पर आसनसोल दक्षिण विधानसभा की विधायक व मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने दामोदर नदी के भूतनाथ घाट पर पहुंचकर भगवान भास्कर को संध्या अर्घ दी। संध्या अर्घ के दौरान भूतनाथ घाट पर हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा घाट छठ के पारंपरिक गीतों, जयकारों और भक्ति के माहौल से गूंज उठा। जैसे ही डूबते सूर्य को अर्घ देने का समय हुआ, व्रतियों ने नदी में खड़े होकर सूप में ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल और अन्य पूजा सामग्री लेकर भगवान सूर्य को अर्घ दिया। मंत्री अग्निमित्रा पॉल भी व्रतियों के साथ नदी में उतरीं और पूरे विधि-विधान के साथ संध्या अर्घ दिया। इस मौके पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, संयम और सूर्य उपासना का सबसे बड़ा पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता सिखाता है। उन्होंने कहा कि बर्नपुर के भूतनाथ घाट का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। हर साल यहां हजारों श्रद्धालु दूर-दूर से अर्घ देने आते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार छठ घाटों पर प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं। घाटों की साफ-सफाई, लाइटिंग, पेयजल, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार घाट पर मौजूद रहे, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

SCROLL FOR NEXT