अदालत का प्रतीक फोटो  
आसनसोल

करोड़ों के DCR घोटाला में सिंडिकेट सरगना टुलू मंडल समेत 12 लोगों पर आरोप-पत्र दाखिल

218 करोड़ से अधिक का अवैध नकद कारोबार

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

बीरभूम : जिले में काले पत्थर (ब्लैक स्टोन) के अवैध परिवहन और राजस्व चोरी के खिलाफ जारी जांच में स्पेशल इन्वेस्टिगेटिंग टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 पन्नों का मुख्य आरोप-पत्र (Chargesheet No 281/26) अदालत में दाखिल किया है। पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी (FIR No 267/2026, मोहम्मद बाजार थाना) के तहत कुल 12 अभियुक्तों के खिलाफ संगठित अपराध, भ्रष्टाचार और जालसाजी के गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

28.78 करोड़ नकद, 16 किलो सोना और 9 TB डेटा बरामद

जांच के दौरान पुलिस और एसआईटी ने व्यापक छापेमारी की थी। इस दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 28,78,21,855 रुपए बरामद किए गए। इसमें मोहम्मद मिनार मंडल के आवास से 28.53 करोड़, टुलू मंडल के सिउड़ी स्थित ''दलीला भवन'' से 11.90 लाख रु. और सहगल हुसैन के बोलपुर स्थित फ्लैट से 12.84 लाख रुपए शामिल हैं। मोहम्मद मिनार मंडल के घर से 15 किलोग्राम सोने की छड़ें (Gold Bars) और विभिन्न ठिकानों से 1 किलो से अधिक सोने के गहने जब्त किए गए। जमा चार्ज सिट में 12 हार्ड डिस्क, 6 लैपटॉप, 32 मोबाइल और 11 पेन ड्राइव सहित 61 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (कुल 9 Terabytes क्षमता) और 150 से अधिक संपत्ति दस्तावेज जब्त हुए। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से बोरो कार में ले जाई जा रही 29 नायलॉन की बोरियों से भरे दस्तावेज भी पकड़े गए।

ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन से छापी जाती थीं फर्जी रसीदें

जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सिंडिकेट के मुख्य सरगना मोहम्मद नजीबुद्दीन उर्फ टुलू मंडल ने अपने सहयोगियों और भूमि एवं भूमि सुधार विभाग (BL&LRO) के भ्रष्ट कर्मचारियों के साथ मिलकर सरकारी चेक गेटों पर अवैध कब्जा कर लिया था। टुलू मंडल की स्वामित्व वाली कंपनी ''मंडल स्टोन प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड'' (MSPPL) ने साल 2023 में एक ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन खरीदी थी। इस मशीन का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर फर्जी और जाली DCR रसीदें छापने के लिए किया जाता था। ग्राहकों से बरामद 62,325 DCR रसीदों के सत्यापन में 99.6% से अधिक (62,088 DCR) जाली पाई गईं। टुलू मंडल के वाहनों पर ''MSP'' लिखा रहता था, जिसे सिंडिकेट के प्रभाव के कारण चेक पोस्ट पर जांच तक नहीं किया जाता था।

4 सरकारी कर्मचारियों समेत 11 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी विदेश फरार

इस मामले में पुलिस ने अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का मुख्य सरगना मोहम्मद नजीबुद्दीन उर्फ टुलू मंडल 23 मई 2026 से ही विदेश फरार है। जांच अधिकारियों के अनुसार, उसने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में ''KDN General Trading LLC'' नाम से कंपनी बनाई और आईसीआईसीआई बैंक खाते से लगभग 52.06 करोड़ रुपये की राशि दुबई ट्रांसफर की। अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच में बरामद दैनिक कैश शीट से पता चला है कि साल 2020 से 2025 के बीच पचामी क्रशर और सोटशाल चेक गेट से करीब 218 करोड़ रुपये का नकद लेनदेन किया गया।

SCROLL FOR NEXT