आसनसोल

चापापुर में CISF का बड़ा एक्शन

चार दिन में 510 टन कोयले की जब्ती से मचा हड़कंप

Gopal Kumar Singh

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता

सांकतोड़िया : ईसीएल के मुगमा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और कोयले की चोरी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अभियान तेज कर दिया है। चापापुर कोलियरी एवं आसपास के कोलियरी क्षेत्रों में चलाए जा रहे विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) के तहत सीआईएसएफ ने महज चार दिनों के भीतर करीब 510 टन कोयला जब्त किया है। इतनी बड़ी मात्रा में कोयले की बरामदगी से अवैध कोयला कारोबार के नेटवर्क पर सुरक्षा बलों की कार्रवाई का अंदाजा लगाया जा सकता है। बताया जाता है कि मुगमा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन, कोयले की चोरी और उसके अवैध परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं। कोयला चोरों और तस्करों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ ने विशेष रणनीति के तहत अभियान शुरू किया है। इसके तहत संदिग्ध ठिकानों, अवैध कोयला भंडारण स्थलों और कोयले के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई है। लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान के परिणामस्वरूप चार दिनों में 510 टन कोयला जब्त किया गया। इस कार्रवाई को कोयला चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह है कि अभियान के दौरान कम समय में इतनी बड़ी मात्रा में कोयले की बरामदगी ने क्षेत्र में सक्रिय अवैध कारोबारियों की गतिविधियों को लेकर कई सवाल भी खड़े किए हैं। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में कोयला कहां से निकाला गया, इसे किन ठिकानों पर जमा किया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं, इसकी भी जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सीआईएसएफ के कमांडेंट राहुल सिंह गौतम क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय हैं।

SCROLL FOR NEXT