अंडाल : अंडाल ऐरोसिटी स्थित प्रतिष्ठित नारायणा स्कूल ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में शिल्पांचल में अपना लोहा मनवाया है। दसवीं की तरह ही सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में भी यहां के छात्र-छात्राओं ने सफलता के झंडे गाड़े हैं। इस वर्ष विद्यालय का कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यार्थियों के इस शानदार और बेहतरीन प्रदर्शन से उत्साहित स्कूल प्रबंधन ने शनिवार को विद्यालय प्रांगण में 'मेधावी सम्मान समारोह' का आयोजन किया। समारोह का विधिवत शुभारंभ स्कूल के प्राचार्य जे. श्रीनिवास राव, उपप्राचार्य सतीनाथ बंद्योपाध्याय एवं डीन अरिंदम बनर्जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूल प्रबंधन द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मेधा सूची में बेटियों का रहा दबदबा
इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में ह्यूमैनिटी (मानविकी) संकाय की छात्रा दिशा माजी ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान (स्कूल टॉपर) हासिल किया। वहीं, कॉमर्स (वाणिज्य) संकाय के विद्यार्थी अंकित गोस्वामी 92.8 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय और अरित्री विश्वास 92.4 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। साइंस (विज्ञान) संकाय की छात्रा रिया कुमारी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 90.8 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया।
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य जे. श्रीनिवास राव ने कहा, "विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और स्कूल के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है। हमारे बच्चों ने पूरे शिल्पांचल में विद्यालय का नाम रोशन किया है।" उन्होंने कहा कि नारायणा स्कूल केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने बच्चों की इस बड़ी कामयाबी का श्रेय स्कूल के अनुशासित माहौल और शिक्षकों की मेहनत को देते हुए स्कूल प्रबंधन की जमकर सराहना की। संस्थान की ओर से सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।