सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : पुरुलिया जिले के सांतलडीह थाना क्षेत्र स्थित सांतलडीह ताप विद्युत केंद्र (थर्मल पावर स्टेशन) के टाउनशिप इलाके में शुक्रवार दोपहर एक निजी स्कूल की वैन में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना सांतलडीह डाकघर के सामने की है। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय वैन में न तो कोई छात्र मौजूद था और न ही चालक। इस कारण एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी स्कूल के बच्चों को छोड़ने के बाद वैन को सांतलडीह डाकघर के सामने खड़ा किया गया था। दोपहर में अचानक वैन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना को देखते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल सांतलडीह थाने की पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की ओर से घटना की जांच की जा रही है।