आसनसोल

आसनसोल सिटी बस स्टैंड में तीन दिन से चल रही बस हड़ताल खत्म

विधायक प्रतिनिधि की पहल पर बनी सहमति

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल सिटी बस स्टैंड में पिछले तीन दिनों से जारी बस हड़ताल आखिरकार मंगलवार को समाप्त हो गई। बस ड्राइवर और खलासियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चल रही इस हड़ताल से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के प्रतिनिधि की पहल पर आज बस मालिकों, ड्राइवर -खलासियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पक्षों की समस्याओं को सुना गया और आपसी सहमति बनने के बाद बस कर्मियों ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया। इसके साथ ही बस सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है। बस कर्मियों ने आरोप लगाया कि मुख्य सड़क पर टोटो और टेंपो खुलेआम यात्रियों को उठा रहे हैं, जिससे बस व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा झारखंड नंबर वाले टेम्पू की संख्या भी काफी बढ़ गई है, जो नियमों को ताक पर रखकर चल रहे हैं। कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों के सामने रखा। इस पर विधायक प्रतिनिधि ने सभी बस कर्मियों से कहा कि वे अपनी सभी समस्याओं को लिखित रूप में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के नाम से विधायक कार्यालय में जमा करें। साथ ही कहा कि आपकी कई समस्याएं वर्षों पुरानी हैं और पिछले करीब 15 वर्षों से चली आ रही हैं। वर्तमान सरकार को अभी केवल चार महीने ही हुए हैं, इसलिए आप लोग सरकार पर विश्वास बनाए रखें। आपकी समस्याओं का समाधान जरूर किया जाएगा। इस मौके पर एमवीआई संदीप सुथर, आसनसोल साउथ टीजी प्रभारी चिरंजीव गुहा रॉय, विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता, मिनी बस एसोसिएशन की ओर से दीप नारायण साहा, विकास पाल, बेनु माझी और प्रशांत माझी मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT