आसनसोल

बर्नपुर रिवरसाइड स्कूल का राष्ट्रीय स्तर पर गौरवशाली प्रदर्शन

टावर ऑफ लाइफ का चयन

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : बर्नपुर रिवरसाइड स्कूल के छात्रों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। स्कूल के कक्षा IX के मेधावी छात्र स्वास्तिक मौर्य और वासवर चट्टोराज द्वारा बनाए गए मॉडल “टावर ऑफ लाइफ” का चयन प्रतिष्ठित 53वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी (RBVP) – 2026 के लिए हुआ है। यह राष्ट्रीय प्रदर्शनी 14 से 19 दिसंबर 2026 तक ओल्ड पोर्ट ग्राउंड, गौबर्ट एवेन्यू (बीच रोड), पुदुचेरी में आयोजित की जाएगी। मॉडल को स्टेम फॉर विकसित और आत्मनिर्भर भारत थीम और जल संरक्षण एवं प्रबंधन सब-थीम पर तैयार किया गया है। इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है यह तथ्य कि देशभर से चयनित 202 स्कूलों में से केवल 17 सीबीएसई स्कूल हैं, और BRS बर्नपुर उनमें से एक है। पश्चिम बंगाल से चुने गए मात्र 02 स्कूलों में भी BRS का नाम शामिल है। यह पूरे शहर और जिले के लिए गर्व का क्षण है। इससे पहले स्वास्तिक मौर्य और वासवर चट्टोराज ने सीबीएसई रीजनल साइंस एग्जीबिशन 2025-26 में क्वालीफाई कर नेशनल लेवल के लिए जगह बनाई थी। दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड, नई दिल्ली में आयोजित सीबीएसई नेशनल साइंस एग्जीबिशन 2025-2026 में वे विजेता रहे। इसके साथ ही BRS ने लगातार दो वर्षों 2024-25 और 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल की है। स्कूल के निदेशक एवं प्राचार्य सुशील कुमार सिन्हा ने कहा कि BRS हमेशा छात्रों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और अन्वेषण की भावना को बढ़ावा देने में आगे रहता है। उन्होंने दोनों छात्रों और उनकी मेंटर शिक्षिका अनुरूपा तिवारी को बधाई दी।

SCROLL FOR NEXT