बर्नपुर : सेल आईएसपी के एस्टेट विभाग द्वारा कंपनी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत अपना बुलडोजर लेकर वापस लौटना पड़ा। गौरतलब है कि सेल आईएसपी ने बर्नपुर बारी मैदान से त्रिवेणी मोड़ तक सड़क किनारे सभी दुकानों को हटने का नोटिस दिया है। वहीं सोमवार को कार्रवाई के दौरान आईएसपी के अधिकारियों को दुकानदारों का विरोध का सामना करना पड़ा। दुकानदारों ने एकजुट होकर विरोध किया कि आईएसपी को अपना बुलडोजर लेकर वापस जाना पड़ा।
क्या है मामला
सेल आईएसपी ने दुकान तोड़ने को लेकर जैसे ही बारी मैदान से प्रयास शुरू किया, दुकानदारों ने इक्टठा होकर बुलडोजर को आगे जाने से रोक दिया। इतना ही नहीं, बारी मैदान मोड़ के पास बांस एवं बेरीकेड लगाकर सड़क जाम कर दिया। वहीं जब इसकी सूचना सेल आईएसपी के अधिकारी को मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंच कर दुकानदारों से बात की। मौके पर कहा कि जिनकी भी दुकान सड़क पर है और अनऑथराइज्ड है, उन्हें जगह खाली करनी होगी। इसके लिए नोटिस दिया गया है एवं लगातार माइकिंग की जा रही है। वहीं कहा कि उनका मकसद किसी की पेट पर लात मारना नहीं है तो दुकानदार भड़क गये और हल्ला करने लगे। दुकानदारों ने कहा कि यह पेट पर लात मारना नहीं है तो क्या है।
दुकानदारों ने लगाया आरोप
दुकानदार जयशंकर कुमार एवं अन्य दुकानदारों ने सेल आईएसपी के कुछ कर्मचारियों पर सगंभीर आरोप लगाये हैं। वहीं आगे कहा कि वे विकास के साथ हैं पर उन्हें कहीं विकल्प दिया जाये, तभी उनकी दुकानें हटायी जायें।