चोरी का सामान निकालते ड्राइवर  
आसनसोल

ISP से लाखों रूपये के पीतल स्क्रैप चोरी का पर्दाफाश

CISF ने गुप्त चैंबर वाले डंपर को पकड़ा

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : देश के सबसे पुराने स्टील प्लांटों में से एक सेल-इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर में सुरक्षा में बड़ी सेंधमारी का मामला सामने आया है। प्लांट परिसर से लाखों रुपये का पीतल स्क्रैप चोरी कर ले जाने की कोशिश को CISF ने नाकाम कर दिया है। CISF की क्राइम एंड इंटेलिजेंस विंग ने एक डंपर से करीब 160 किलोग्राम पीतल स्क्रैप बरामद किया है, जिसे बेहद शातिर तरीके से गाड़ी में बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाया गया था।

कैसे हुआ खुलासा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार CISF को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली थी कि डंपर संख्या WB37 A3584 के जरिए प्लांट से पीतल और तांबे के महंगे स्क्रैप की चोरी की जा रही है। सूचना मिलते ही CIW और MOD गेट पर तैनात जवान अलर्ट हो गए। जैसे ही उक्त डंपर प्लांट से बाहर निकलने के लिए MOD गेट की ओर बढ़ा, जवानों ने उसे घेर कर रोक लिया। शुरुआत में ड्राइवर ने सामान्य लोडिंग की बात कही। बताया कि वह गैस होल्डर सैंड पिट एरिया से फ्लैश मिक्सर ड्रॉस लोड करके ला रहा है। लेकिन जब CISF टीम ने डंपर की बारीकी से तलाशी ली तो होश उड़ गए। डंपर के अंदर लोहे की चादर से वेल्डिंग कर एक गुप्त चैंबर बनाया गया था, जिसमें 160 किलो चमचमाता पीतल स्क्रैप भरा गया था। बरामद पीतल का बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 12 हजार रुपये बताया जा रहा है। पकड़े गए डंपर ड्राइवर की पहचान मो. सिराज खान के रूप में हुई है, जो प्लांट में कार्यरत एक ठेका कंपनी का कर्मचारी है। कंपनी का काम प्लांट के वेस्ट मटेरियल को हटाने का है, जिसकी आड़ में यह चोरी की साजिश रची गई। CISF ने नियमानुसार ड्राइवर , वाहन और बरामद माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हीरापुर थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लिफ्टर ऑपरेटर की भूमिका भी जांच के घेरे में

इस पूरे मामले में एक और नाम सामने आ रहा है - लल्टू धीबर,जो घटना के समय गैस होल्डर सैंड पिट एरिया में फ्लैश मिक्सर ड्रॉस की लोडिंग की निगरानी कर रहा था और लिफ्टर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। सूत्रों के अनुसार बिना अंदरूनी मिलीभगत के इतनी बड़ी मात्रा में पीतल को फॉल्स चैंबर में भरना संभव नहीं है। ऐसे में लल्टू धीबर की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है और CISF व पुलिस उसकी भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। CISF ने पूरे प्लांट में स्क्रैप मूवमेंट को लेकर सघन जांच अभियान तेज कर दिया है।

SCROLL FOR NEXT