आसनसोल : प्रधानमंत्री के नशा मुक्ति अभियान में शामिल होते हुए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व-विद्यालय (बीके) ने नशा के खिलाफ महाअभियान प्रारंभ कर दिया है। संस्था द्वारा 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान का भव्य शुभारंभ देश के विभिन्न सेंटरों के साथ-साथ आसनसोल के मोहिशीला सेंटर में भी किया गया। इसका शुभारंभ आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, फॉसबेक्की के अध्यक्ष व आसनसोल नॉर्थ प्वाइंट स्कूल के चेयरमैन सचिन राय, समाजसेवी नरेश अग्रवाल, आसनसोल साउथ थाना के प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी, जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी राज कुमार मिश्रा, रोटरी क्लब से अरुण महंती, डॉ. अबन्तिका, बीके आसनसोल सेंटर की प्रमुख सुनिता बहन, जतिंद्र सिंह व अन्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारी मेडिकल विंग और नशा मुक्त भारत अभियान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में एक ओर जहां नशा के खिलाफ शपथ ग्रहण करवाया गया तो वहीं एक नाटिका के माध्यम से नशा को कैसे दूर किया जा सकता है, इस पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने मिलकर नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि बीके के इस अभियान के साथ हर किसी को जुड़ना चाहिए एवं समाज में जागरूकता के माध्यम से लोगों को नशे की लत से बचाकर स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में सहयोग करना चाहिए। इस पूरे अभियान का स्लोगन है “नशा मुक्त भारत, सुखी, स्वस्थ और समृद्ध भारत”।