रानीगंज : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पिछले अगस्त महीने में वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किए जाने के बावजूद, आसनसोल नगर निगम के बोरो संख्या 2 का नया प्रशासनिक कार्यालय अभी तक पूरी तरह से क्रियाशील नहीं हो पाया है। उद्घाटन के लगभग 3 महीनों बाद भी, रानीगंज रेलवे स्टेशन रोड स्थित मौजूदा बोरो कार्यालय से ही समस्त प्रशासनिक कामकाज संचालित किए जा रहे हैं। नवनिर्मित कार्यालय अभी भी चालू होने की बाट जोह रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गत 26 अगस्त को वर्चुअल माध्यम से रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए आसनसोल नगर निगम के बोरो संख्या 2 के इस नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया था। आसनसोल - दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) ने राज्य के शहरी विकास और नगरपालिका मामलों के विभाग की पहल पर 1 करोड़ रुपये की लागत से इस कार्यालय का निर्माण किया है। इस नए बोरो कार्यालय की आधारशिला 1 अप्रैल 2023 को पंजाबी मोड़ और बांसड़ा मोड़ के मध्य, नेशनल हाईवे-19 के सर्विस रोड के किनारे रखी गई थी। इस तरह, कार्यालय के निर्माण में लगभग दो साल से अधिक का समय लगा। उद्घाटन को भले ही कई महीने बीत चुके हों, लेकिन रानीगंज रेलवे स्टेशन रोड स्थित मौजूदा कार्यालय कब तक नवनिर्मित प्रशासनिक कार्यालय में स्थानांतरित होगा, इस बारे में कोई स्पष्टता नहीं है। बोरो चेयरमैन मुज्जमिल हुसैन शहजादा ने कहा कि कार्यालय के पूरी तरह से चालू नहीं होने का मुख्य कारण कुछ अधूरे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्य हैं। उन्होंने कहा कि नए प्रशासनिक कार्यालय में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कुछ कार्य अभी भी अधूरे हैं। उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी कोशिश है कि जितनी जल्द संभव हो, पुराने बोरो कार्यालय को नए प्रशासनिक भवन में स्थानांतरित कर दिया जाए, जिससे आम लोगों को काफी सुविधा होगी। चेयरमैन ने आगे बताया कि नए बोरो कार्यालय की नई लोकेशन पर आम लोगों को परिवहन के साथ-साथ पार्किंग की भी बेहतर सुविधा मिलेगी, जिसके कारण इसका जल्द से जल्द चालू होना आवश्यक है।