आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के बोरो 6 के चेयरमैन डॉ. देवाशीष सरकार के अपने पद से इस्तीफा देने से आसनसोल नगर निगम इलाका में चर्चा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर कार्यालय में अपना इस्तीफा सौंपा, जिसके बाद पूरे राजनीतिक गलियारे में चर्चा तेज हो गई है। गौरतलब है कि वे वार्ड 84 के पार्षद पद पर बने रहेंगे और जनता की सेवा करते रहेंगे। वहीं चर्चा का विषय बना हुआ है कि बोरो-6 का अगला चेयरमैन कौन होगा और क्या इस इस्तीफे के बाद किसी बड़े प्रशासनिक या राजनीतिक बदलाव की भूमिका तैयार होगी।
पार्षद पद से इस्तीफा नहीं दिया - डॉ. देवाशीष सरकार
बोरो चेयरमैन डॉ. देवाशीष सरकार ने कहा कि उन्होंने केवल बोरो चेयरमैन के पद से इस्तीफा दिया है, पार्षद पद से नहीं। वह अपने क्षेत्र की जनता के प्रतिनिधि के रूप में पहले की तरह काम करते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया है कि अपने कार्यकाल के दौरान बोरो कार्यालय में कामकाज में कई तरह की गड़बड़ियों और शिकायतों की जानकारी सामने आई थी, जिससे वह बेहद आहत थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने का निर्णय लिया।