सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : सेल-आईएसपी में वन प्लांट-वन यूनियन के तहत हुए ऐतिहासिक ट्रेड यूनियन चुनाव में प्रचंड जीत के बाद भारतीय मजदूर संघ (BMS) समर्थित बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ एवं बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ ने सोमवार को भव्य आभार रैली निकाली। BMS कार्यालय से शुरू हुई यह रैली बर्नपुर बस स्टैंड, हिरापुर थाना, स्टेशन रोड होते हुए त्रिवेणी मोड़ तक गई। रैली में सेल आईएसपी के सैकड़ों कर्मचारी और यूनियन कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। ज्ञात हो कि सेल आईएसपी के इतिहास में पहली बार वन प्लांट-वन यूनियन के तहत 24 सितंबर 2026 को चुनाव हुआ था। इस चुनाव में बीएमएस समर्थित बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ ने 62.5 प्रतिशत वोट हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ अब आईएसपी की एकमात्र मान्यता प्राप्त यूनियन बन गई है। इसी ऐतिहासिक जनादेश के लिए कर्मचारियों का आभार व्यक्त करने के लिए यह रैली आयोजित की गई थी। इस दौरान कर्मचारियों के बीच लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया गया। इस मौके पर अजय सिंह, संजीत बनर्जी, संजीत प्रसाद, महेश बनर्जी सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।