सांकतोड़िया : भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के जयनाथ चौबे के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह से शिष्टाचार भेंटकर राज्य के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान बीएमएस प्रतिनिधियों ने राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों के समक्ष मौजूद विभिन्न समस्याओं, श्रमिक हितों, रोजगार सुरक्षा, श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अन्य कल्याणकारी मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने श्रमिकों की लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मंत्री अर्जुन सिंह ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि नई सरकार को कार्यों की समीक्षा और आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने के लिए कुछ समय दिया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि श्रमिकों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों और मांगों की जल्द समीक्षा की जाएगी तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा और औद्योगिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिक संगठनों के साथ संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सहयोगात्मक रवैया अपनाने का भरोसा दिलाया। वहीं प्रतिनिधि मंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार के स्तर पर शीघ्र पहल होने से राज्य के हजारों श्रमिकों को राहत मिलेगी और उनके हितों से जुड़े मामलों का समाधान तेजी से हो सकेगा।