सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : संविदा श्रमिकों के नए वेतनमान को लागू कराने की लंबी लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। वर्षों से अपने जायज अधिकारों और न्यायसंगत वेतन की मांग कर रहे संविदा श्रमिकों के धैर्य की परीक्षा अब और नहीं ली जा सकती। इसी संकल्प के साथ BMS, बर्नपुर के यूनियन कार्यालय में संविदा श्रमिकों की विशाल बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित श्रमिकों ने एक स्वर में कहा कि अपने वैध अधिकारों की प्राप्ति के लिए अब निर्णायक संघर्ष का समय आ गया है। लंबे प्रयासों के बावजूद समाधान नहीं मिलने के कारण सर्वसम्मति से 18 नवंबर 2026, सुबह 6 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया गया। BMS के पदाधिकारियों ने कहा कि न्यायसंगत वेतन की मांग केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि सम्मान, अधिकार और श्रम की उचित कीमत का प्रश्न है। इस मौके पर अजय कुमार सिंह (अध्यक्ष, BIKS), संजीत बनर्जी (महासचिव, BIKS), महेश बनर्जी (अध्यक्ष, BTMS), संजीत प्रसाद (महासचिव, BTMS), रवि रजक, गणेश साव, चेतन शर्मा, मुरारी पोद्दार, ब्यूटी दास, तपस बाउरी, रणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।