आसनसोल

BMS ने 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की

BMS ने 6 प्रमुख मांगों पर मांगा समर्थन

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : भारतीय मजदूर संघ (BMS), बर्नपुर ने फ्लाईओवर गेट के पास प्रदर्शन कर 18 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है। संघ ने पोस्टर जारी कर सभी स्थायी कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों से हड़ताल में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। संघ ने अपनी 6 प्रमुख मांगें रखी हैं। संघ का कहना है कि नए श्रम संहिता के अनुसार संशोधित वेतन समझौता लागू किया जाए और बकाया वेतन का भुगतान तुरंत किया जाए। दूसरी मांग है कि हर ठेका श्रमिक को नियुक्ति-पत्र और वेतन पर्ची अनिवार्य रूप से दी जाए और वेतन 7 तारीख तक बैंक खाते में जमा हो। तीसरी मांग महीने में 26 कार्यदिवस सुनिश्चित करने और ओवरटाइम का भुगतान कानून के अनुसार करने की है। 40 वर्ष से अधिक उम्र के हर ठेका श्रमिक की निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच (PME) कराने, कार्य के जोखिम के अनुसार गुणवत्तापूर्ण PPE किट, सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षण देने की भी मांग की गई है। इसके साथ ही PF, ESI और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ अनिवार्य रूप से लागू करने तथा गेट पर शौचालय, विश्राम और प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाएं देने की मांग उठाई गई है। BMS नेता संजीत बनर्जी, संजीत प्रसाद, महेश बनर्जी,अजय सिंह का कहना है कि श्रमिकों की जायज मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, इसलिए अब हड़ताल के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

SCROLL FOR NEXT