अंडाल : अंडाल थाना के उखड़ा आउट पोस्ट परिसर में मंगलवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल व सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से लगाए गए इस शिविर में स्थानीय युवाओं, पुलिस कर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त (CP) डॉ. प्रणव कुमार ने रक्तदान करने वाले सभी पुलिस कर्मियों एवं नागरिकों को प्रशस्ति पत्र एवं पौधा देकर सम्मानित किया। CP डॉ. प्रणव कुमार ने कहा, "रक्तदान सबसे बड़ी मानव सेवा है। आपका दिया हुआ एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। " आयोजन के दौरान DC (ईस्ट) रसप्रीत सिंह, ACP (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास, अंडाल थाना प्रभारी प्रीतम पाल, उखड़ा आउट पोस्ट प्रभारी तन्मय दे, बनबहाल आउटपोस्ट प्रभारी रिंटू महतो समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। उखड़ा ओपी के एएसआई पानकृष्ण प्रामाणिक ने बताया कि शिविर में पुलिस कर्मियों और स्थानीय नागरिकों को मिलाकर कुल 57 लोगों ने रक्तदान किया। आसनसोल जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से आई विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने पूरी प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रहित किया।