आसनसोल

भाजयुमो समर्थकों ने मेयर एवं चेयरमैन को दी चेतावनी

कल से निगम में आने से किया मना, नहीं तो होगा हंगामा

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम का बोर्ड चोरी के वोट से बना था। इस बोर्ड को बने रहने एवं इसके मेयर, चेयरमैन एवं पार्षदों को बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है, इसलिए बुधवार से निगम में मेयर, पार्षद एवं चेयरमैन कोई भी निगम में न आये। यह चेतावनी मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के समर्थकों ने निगम में मेयर बिधान उपाध्याय एवं चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी को दी। बता दें कि मंगलवार को काफी संख्या में भाजयुमो के समर्थक निगम कार्यालय पहुंचे एवं निगम में उनके रहने पर जमकर विरोध किया। इस दौरान भाजपा के जिला महासचिव अपूर्व हाजरा, काकोली घोष एवं भाजयुमो के जिलाध्यक्ष अभिक मंडल ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने वोट चोरी कर आसनसोल नगर निगम का बोर्ड गठन किया था। इसके पार्षद भ्रष्ट हैं। इसलिए निगम में मेयर, चेयरमैन व अन्य निर्वाचित पदाधिकारियों को उस चेयर पर बैठने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि बुधवार से निगम में तृणमूल कांग्रेस का कोई भी निर्वाचित पदाधिकारी नहीं दिखना चाहिए। अगर वे दिख गये तो उसके बाद जो होगा उसके लिए वे लोग स्वयं जिम्मेदार होंगे। साथ ही युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को निर्देश भी दिया कि यहां से सभी के चेयर-टेबल भी हटा दिया जाये। इस घटना के बाद निगम में हलचल मच गयी है।

निगम से हटाया गया ममता बनर्जी की तस्वरी

आसनसोल : पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद तृणमूल के कई पार्टी ऑफिस पर कब्जा किया गया एवं कई ऑफिस में आग लगा दी गई। वहीं अब तृणमूल बोर्ड द्वारा संचालित आसनसोल नगर निगम में भी भाजपा समर्थकों ने जाकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर हटा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तस्वीर लगा दी , जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस घटना से पूरे निगम परिसर के साथ आसनसोल में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

क्या कहा भाजपा कार्यकर्ता ने

भाजपा कार्यकर्ता का कहना है भाजपा युवा मोर्चा के नेता एवं भाजपा के आसनसोल संगठनात्मक जिले के महासचिव केशव पोद्दार ने बीते गुरुवार को सवाल उठाया था कि जब राज्य में मुख्यमंत्री बदल चुके हैं, तो फिर सरकारी संस्थानों में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर क्यों लगी हुई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि ममता बनर्जी का फोटो जल्दी नहीं बदला गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। वहीं मंगलवार को बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक नागरिक सेवाओं की मांग तथा विभिन्न परियोजनाओं में कथित घोटालों के विरोध में आसनसोल नगर निगम पहुंचे। इसी दौरान मेयर बिधान उपाध्याय के चेंबर में जाकर कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी की तस्वीर हटाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तस्वीरें लगा दीं। तस्वीर लगाने के दौरान पूरा आसनसोल नगर निगम भारत माता की जय और जय श्री राम के नारा से गूंज उठा। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया। इस मौके पर भाजपा जिला का महासचिव अपूर्व हाजरा, काकोली घोष, भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष अभिक कुमार मंडल, उपाध्यक्ष गौरव बनर्जी, महासचिव सोनू यादव, सचिव सूरज सिंह सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT