संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बांकुड़ा : पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंदास बाजार में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। पार्टी के राष्ट्रव्यापी ''सेवा संकल्प अभियान'' के तहत दर्जनों कार्यकर्ता हाथों में झाड़ू और तसले लेकर सड़कों पर उतरे। घंटों चले इस अभियान में बाजार क्षेत्र, मुख्य सड़कों और तालाब किनारे फैला भारी मात्रा में प्लास्टिक व अन्य कचरा समेटा गया। बाद में ट्रैक्टरों के जरिए पूरे कचरे को निर्धारित डंपिंग ग्राउंड भिजवाया गया। कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा कि राजनीति केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जमीन पर उतरकर जनसरोकार के काम करना जरूरी है। स्वस्थ पर्यावरण के लिए हर नागरिक को प्लास्टिक के बहिष्कार का संकल्प लेना होगा।
आरोप : पंचायतों में कचरा गाड़ियां कबाड़, बैटरियां बेचीं
सफाई अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं का दावा है कि पंचायतों को कचरा उठाने के लिए जो गाड़ियां दी गई थीं, वे परिसर में कबाड़ बनकर खड़ी हैं। आरोप है कि कुछ पंचायतों में तो इन गाड़ियों की बैटरियां तक बेच दी गईं, जिससे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पूरी तरह ठप पड़ा है। हालांकि, इस मामले में पंचायत प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
नागरिक भी समझें अपनी जिम्मेदारी
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय दुकानदारों और आम जनता से बाजार को साफ रखने की अपील की। नेताओं ने कहा कि गंदगी मुक्त समाज बनाना सिर्फ प्रशासन के भरोसे संभव नहीं है, इसमें जनता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने साफ किया कि आने वाले दिनों में यह अभियान अन्य इलाकों में भी लगातार चलाया जाएगा ।