आसनसोल : आसनसोल नगर निगम की वार्ड संख्या 27 के आरके डंगाल स्थित अखाड़ा मैदान में वार्ड पार्षद चैताली तिवारी की ओर से एक भव्य शिव चर्चा का आयोजन किया गया। स्थानीय शिव मंदिर प्रागंण में पूजा - अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर तथा उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में आसनसोल नगर निगम के पूर्व मेयर सह पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि भोले बाबा ने लोगों की सुध लेते हुए 2026 के मई में भाजपा को अप्रत्याशित जीत दिलायी। लोगों ने खुलकर भाजपा का समर्थन किया। नगर निगम चुनाव 2027 में होने वाला है जिसमें हर वार्ड में भाजपा की जीत होनी तय है। इसके बाद नगर निगम में भाजपा बोर्ड बनने पर सबसे पहले पानी व अन्य सुविधाएं वार्ड 27 और 29 में पहुंचने लगेंगी। पांच सालों तक तृणमूल बोर्ड इस वार्ड को नजरअंदाज करता रहा। यहां विकास कार्य करने से कतराता रहा। उन्होंने कहा कि शिवचर्चा व कंबल वितरण के दौरान भगदड़ मचने से दो स्थानीय लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस पार्षद चैताली तिवारी को पूछताछ के नाम पर घंटों बैठाकर परेशान करती थी। मुझे आसनसोल और कोलकाता के प्रेंसिडेंसी जेल में 22 दिन रखा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को घर छोड़कर पलायन करने पर मजबूर किया गया। 10-12 भाजपा कर्मियों को तीन महीने के लिए जेल भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि इतना जुल्म करने के बावजूद इस वार्ड के लोगों ने मोदी का समर्थन करना नहीं छोड़ा। वहीं विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि भाजपा का मशाल जलाने वाला वार्ड के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मौके पर ओम नारायण प्रसाद, दिलीप प्रसाद, डॉ. एस प्रसाद, रामदरश कुशवाहा, विकास गुप्ता सहित व्यापक संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भक्ति भजन व गीत का आयोजन
आरके डंगाल में शिवचर्चा के मौके पर भजन गायिका ममता चौरसिया ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत व भजन पेश कर उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने सावन में आइल बा बहार, ऐ भोले बाबा भोले दरबार में तथा गंगा जी में नहइबो हे मईया, जलवा ले जइबो आंगना लिपइबो हे मईया आदि शिव भक्ति गीत व भजन पेश कर उपस्थित शिवभक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायिका की हर धुन पर विशेष कर महिला श्रद्धालुओं ने ताली बजाते हुए थिरकते देखी गयी। पूरा माहौल भक्तिमय बन गया।