आसनसोल

भाजपा विधायक ने लोगों के सुझाव ड्रॉप बॉक्स में किया संग्रह

भाजपा की उपलब्धियों से कराया अवगत

कुल्टी : बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर कुल्टी के भाजपा विधायक शहरों एवं गलियों में जमकर चुनाव प्रचार करने में लगे हुये हैं। हालांकि अभी तक चुनाव की घोषणा नहीं की गयी है और न ही भाजपा का घोषणा पत्र जारी किया गया है। इस बार बंगाल में भाजपा लोगों के सुझाव पर ही विकास की रूप-रेखा की तैयारी घोषणा पत्र के माध्यम से जारी करेगी। इसे लेकर भाजपा की ओर से कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाके में ड्रॉप बॉक्स एवं संकल्प पत्र लेकर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने पार्टी समर्थकों के साथ बराकर शहर के वार्ड नं 67 के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने सभी लोगों को संकल्प पत्र दिया और उसमें सुझाव लिखकर ड्रॉप बॉक्स में रखवाया।

भाजपा की उपलब्धियों से कराया अवगत

डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बंगाल में कई महत्वपूर्ण योजना लागू किया है। उन्होंने जनता को बताया कि बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार के विरोध के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 करोड़ लोगों को जन-धन योजना से जोड़ने का काम किया। स्वच्छ भारत अभियान के तहत बंगाल में 85 लाख शौचालय का निर्माण किया गया। छोटे व्यपारियों एवं उद्यमियों को 2.82 लाख करोड़ रुपये का लोन देने का काम किया गया। अटल पेंशन योजना के तहत 56 लाख वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन देने का काम, एक करोड़ से अधिक परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस देने का काम किया गया। इसके अलावा सम्मान निधि योजना के तहत 51 लाख किसानों को आर्थिक सहयोग किया गया। उन्होंने कहा कि जनसंघ के संस्थापक व भाजपा नेता स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के कारण बंगाल देश का अभिन्न अंग बना जहां तृणमूल कांग्रेस के शासन में घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता जो विकास कार्य करना चाहती है। उसे संकल्प पत्र में लिखकर ड्रॉप बॉक्स में जमा करें ताकि इस चुनाव में जनता की राय पर ही भाजपा का चुनाव घोषणा पत्र जारी किया जायेगा। इस अवसर पर पार्टी के युवा नेता सोनु चौरसिया, सपना पटेल, कृष्णा गोप, सोनु गुप्ता, राजा बाउरी, जयंत मालाकार,अनिल राउत सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

SCROLL FOR NEXT