सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : शहर के रेलपार अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में हर तरफ कचरा व गंदगी का ढेर देखने को मिलते हैं। डाॅ. बीसी राय रोड के ओके रोड मोड़, बाबू तालाब मोड़, रिलायंस मार्केट के पास तथा शेरतालाब इलाके में समीप हमेशा कचरा व गंदगी का अंबार लगा रहता है। कचरा फेंकने वाले लोगों की हिम्मत की दाद देनी होगी। शेरतालाब के पास आसनसोल उत्तर के विधायक कृर्ष्णेंदु मुखर्जी की पहल पर दो सीसीटीवी कैमरे लगाने के बावजूद लोग कुछ दूर पर फिर से कचरा फेंक कर गंदगी फैला रहे हैं। रविवार की सुबह रिलायंस मार्केट के पीछे शीतला ग्राम स्थित मैदान में स्थानीय दो लोगो द्वारा अपने बाउंड्रीवाल के भीतर का कचरा ट्रैक्टर के माध्यम से फेंकने का काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने खेल मैदान में कचरा फेंकने का विरोध किया। उनके विरोध के बावजूद कचरा फेंकना जारी रहा। लोगों की शिकायत सुन आसनसोल उत्तर के विधायक कृर्ष्णेंदु मुखर्जी के निर्देश पर भाजपा जिला सदस्य अर्णव बनर्जी ने मौके पर पहुंचकर कचरा फेंकने वालों पर भड़क गए। उन्होंने मैदान में फेंके गए कचरे को उठा कर ले जाने का निर्देश दिया। मैदान में बच्चे क्रिकेट और फुटबॉल खेलते हैं। यहां हर साल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि विधायक और नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल बार-बार लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील कर रही हैं, लेकिन लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। खुले तौर पर ट्रैक्टर पर कचरा ले जाने के कारण सड़क पर कचरा गिरने से गंदगी फैल गई है। सड़क पर बिखरे कचरे को भी उठाने का निर्देश दिया गया। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि मैदान के किनारे गड्ढों को भर कर कही जमीन बेचने की योजना तो नहीं है।