सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : शहर के उत्तर धादका बायपास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में महिला मोर्चा की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को मिलने वाले 33 प्रतिशत आरक्षण पर विशेष चर्चा की गई। पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा नेत्री आशा शर्मा ने कहा कि देश की आधी आबादी नारी शक्ति है। हमारी माताओं, बहनों, बेटियों के अधिकारों के लिए भारत सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। यह महिलाओं का मौलिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि 2023 में इसे पहली बार पेश किया गया था, नारी वंदन नियम पास हुए थे, लेकिन विरोधियों के कारण यह बिल अटक गया था। अंततः 28 नवंबर 2026 के प्रस्तावित प्रस्ताव के आधार पर कल यानी 30 नवंबर को संसद के विशेष सत्र में यह बिल पास होना तय है।
उन्होंने बताया कि इससे क्या लाभ होगा, लोकसभा की कुल 543 सीटें बढ़कर 815 हो जाएंगी, जिसमें महिलाओं के लिए 272 सीटें आरक्षित होंगी। विधानसभा की बात करें तो कुल 4123 विधानसभा सीटें बढ़कर 6163 हो जाएंगी, जिसमें महिलाओं के लिए लगभग 2063 सीटें आरक्षित होंगी।
पश्चिम बंगाल की बात करें तो लोकसभा की 42 सीटें बढ़कर 63 हो जाएंगी, जिसमें महिलाओं के लिए 21 सीटें रहेंगी। विधानसभा की 294 सीटें बढ़कर 441 हो जाएंगी, जिसमें महिलाओं की सीटें 172 होंगी।
उन्होंने कहा कि यह अधिनियम सिर्फ महिलाओं के अधिकार के लिए नहीं है, बल्कि महिला सशक्तीकरण में प्रधानमंत्री ने जो उपलब्धि को महत्व दिया है, वह भागीदारी बनेगी। हमारी महिलाएं सिर्फ योजनाओं की लाभार्थी नहीं रहेंगी, बल्कि देश के नीति निर्माण में भागीदारी निभाएंगी। आरक्षण के तहत जो राजनीतिक भागीदारी हमारी नारियां निभाएंगी, वह महिलाओं के उत्थान और अधिकारों के लिए बिल को वहां लागू करेंगी। महिलाएं सशक्त होंगी तो देश सशक्त होगा। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि इसका विरोध न करके इसका समर्थन करना चाहिए, क्योंकि यह बिल सिर्फ भाजपा के फायदे के लिए नहीं, बल्कि देश की नारियों के अधिकारों की बात है, किसी एक दल के अधिकार की बात नहीं है। वहीं
राज्य महिला मोर्चा की सचिव पारमिता पटनायक ने कहा कि कल से शुरू हो रही संसदीय बैठक में महिलाओं के लिए बहुत बड़ी घोषणा होने जा रही है। 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाली इस बैठक में महिलाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारी महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं, चाहे वह राजनीति हो या कोई कार्यस्थल। अब महिलाओं को हर क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने जा रहा है। यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को बहुत-बहुत धन्यवाद देंगे, जिन्होंने हमेशा महिलाओं के बारे में सोचा है और आज भी सोच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शुरू से ही महिलाओं के बारे में विशेष रूप से सोचती आई है। प्रधानमंत्री ने माताओं-बहनों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए उज्ज्वला योजना के तहत गैस दिया। महिलाओं के नाम पर आवास योजना दी। महिलाओं का जीरो बैलेंस खाता खुलवाया। कोरोना काल में सबसे पहले उन्हीं के खाते में पैसा भेजना शुरू किया। उन्होंने कहा कि बिहार, यूपी जैसी जगहों पर महिलाएं-बेटियां रात में बाहर जाने को मजबूर थीं, कई तरह की समस्याओं और दुष्कर्म का सामना करना पड़ता था। इसे ध्यान में रखकर महिलाओं के लिए शौचालय बनाए गए। महिलाओं के लिए लगातार सोचा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब इससे भी बड़ी घोषणा यह है कि महिलाओं को हर क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। लोकसभा की सीटें बढ़ने जा रही हैं, विधानसभा की सीटें बढ़ने जा रही हैं और उसमें महिलाओं को प्राथमिकता मिलेगी। किसी भी कार्यस्थल पर महिलाओं को 33 प्रतिशत प्राथमिकता मिलेगी। वहीं जो महिलाएं पीछे थीं, उन सभी को आगे लाया जा रहा है।
उन्होंने अनुरोध किया कि 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाली संसद की इस कार्यवाही को हर महिला देखे और देखे कि महिलाओं के लिए हमारी सरकार किस तरह लड़ रही है। मौके पर सीमा सिंह, सबिता चौबे आदि महिला सदस्य उपस्थित थीं।