दुर्गापुर नगर निगम कार्यालय में जाते भाजपा के नव निर्वाचित विधायक चंद्रशेखर बनर्जी एवं लखन घोरुई  
आसनसोल

दुर्गापुर नगर निगम पर पहली बार लहराया भाजपा का झंडा

डीएमसी में जल्द चुनाव कराने की तैयारी, कमिश्नर के साथ बैठक

दुर्गापुर : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 294 में से 206 सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में ऐतिहासिक वापसी का असर अब स्थानीय निकायों पर भी दिखने लगा है। सत्ता परिवर्तन की इस लहर के बीच मंगलवार को औद्योगिक शहर दुर्गापुर में एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया, जब बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय पर पहुंचकर पार्टी का झंडा लहरा दिया। चुनाव नतीजों के बाद उत्साहित कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय के शीर्ष पर चढ़कर अपनी जीत का जश्न मनाया और प्रतीकात्मक रूप से नगर निगम पर अपना प्रभाव स्थापित करने का प्रयास किया। दुर्गापुर नगर निगम पिछले लंबे समय से प्रशासनिक पेचीदगियों का सामना कर रहा है। डीएमसी में आखिरी बार वर्ष 2017 में चुनाव हुए थे। इसके बाद सितंबर 2022 से निगम की कमान प्रशासक बोर्ड के हाथों में है। वर्तमान में बोर्ड के सदस्यों की संख्या भी घटकर केवल दो रह गई है। वहीं 2 जनप्रतिनिधि पूरे निगम का संचालन कर रहे हैं। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद पूरे राज्य में भाजपा का परचम लहरा रहा है, तो नगर निगम इससे अछूता नहीं रह सकता। हालांकि उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा जनता का दिल जीतने और मतदान के जरिए सत्ता हासिल करने में विश्वास रखती है। उन्होंने भरोसा जताया कि जब भी नगर निगम के चुनाव होगा, भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ अपना बोर्ड गठित करेगी। फिलहाल मुख्यालय पर झंडा फहराए जाने की इस घटना ने राज्य में राजनीतिक शक्ति संतुलन के बदलते स्वरूप को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। इस दौरान भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक समेत नेताओं ने नगर निगम के कमिश्नर के साथ बैठक कर विकास कार्य से संबंधित शिकायतें रखीं।

SCROLL FOR NEXT