संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : बर्दवान के पैथोलॉजी लैबो में चल रहे भारी अनियमित का खुलासा होने से हलचल मच गई है। इसका खुलासा कोई और नहीं बल्कि एस्टेब्लिशमेंट रेगुलेटरी कमिशन के अध्यक्ष न्यायमूर्ति विश्वजीत बसु ने किया है। बता दें कि मंगलवार को एस्टेब्लिशमेंट रेगुलेटरी कमीशन के अध्यक्ष न्यायमूर्ति विश्वजीत बसु ने मरीज बनकर बर्दवान के एक पैथोलॉजी लैब की चौंकाने वाली तस्वीर देखी, जिससे सनसनी फैल गई। मंगलवार से शुरू हुए नर्सिंग होम अभियान के तहत बुधवार को एस्टेब्लिशमेंट रेगुलेटरी कमीशन के अध्यक्ष और कलकत्ता हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विश्वजीत बसु ने बर्दवान के खोसबागन इलाके में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके सामने पैथोलॉजी लैब और डायग्नोस्टिक सेंटरों की भारी अनियमितताएं आईं। शिकायत की सत्यता जांचने के लिए न्यायमूर्ति बसु ने सुरक्षाकर्मियों, पुलिस और अपनी चमचमाती गाड़ी को छोड़कर एक टोटो (ई-रिक्शा) का सहारा लिया। अपने एक सहयोगी के साथ वे सीधे डॉक्टरपाड़ा के नाम से मशहूर खोसबागन पहुंचे। न्यायमूर्ति के सहयोगी ने कुछ दिन पहले कोलकाता के एक निजी केंद्र से रक्त परीक्षण कराया था। उसी पुरानी रिपोर्ट की फोटोकॉपी लेकर वे बुधवार सुबह खोसबागन के एक डायग्नोस्टिक सेंटर पर खून देने पहुंचे। नियमानुसार खून का नमूना लेने के थोड़ी ही देर बाद उनके हाथ में रिपोर्ट थमा दी गई। कोलकाता की रिपोर्ट और बर्दवान के इस सेंटर की रिपोर्ट में जमीन-आसमान का फर्क देखकर उनके होश उड़ गए। कड़ाई से पूछताछ करने पर कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि सुबह के वक्त केंद्र पर कोई डॉक्टर या प्रशिक्षित तकनीशियन मौजूद नहीं था। बिना किसी परीक्षण के केवल अनुमान के आधार पर फर्जी रिपोर्ट तैयार कर मरीजों के हाथों में थमा दी जाती है। आवासीय मकानों में बिना बुनियादी ढांचे और जरूरी उपकरणों के चल रहे इस डायग्नोस्टिक सेंटर पर न्यायमूर्ति ने गहरी नाराजगी जताई और तुरंत दो सेंटरों को बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMOH) को संबंधित पैथोलॉजी लैब के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया गया।खोसबागन अभियान के बाद दोपहर के भोजन के बाद उन्होंने बर्दवान शहर के बाहरी इलाके में स्थित ''शरण्या अस्पताल'' का भी दौरा किया, जिसके खिलाफ पहले से ही कई शिकायतें दर्ज हैं।