बर्नपुर : आईएसपी व सेल प्रबंधन की मनमानी नीति एवं उदासीनता के विरोध में भारतीय मजदूर संघ बर्नपुर ने टनल गेट पर पथसभा कर प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य आईएसपी के सभी कर्माचारियों एवं ठेका श्रमिकों के कई मांगों को लेकर अपनी एकजुटता का परिचय देना और बुलंद आवाज में प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करना था। सभा को संबोधित करते बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के महासचिव संजीत बनर्जी एवं बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के महासचिव संजीत प्रसाद ने कहा कि 6 सूत्रीय मांगों के साथ-साथ आईएसपी में ठेका श्रमिकों के लिए केंद्रीय वेतनमान लागू कराने की बीएमएस की लड़ाई अंतिम निर्णय तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आईएसपी प्रबंधन द्वारा कर्मियों पर थोपे जा रहे एकतरफा नियमों के खिलाफ तथा आईएसपी में मान्यता प्राप्त यूनियन के चुनाव की मांग को लेकर जिस प्रकार आज सभी मजदूर एकजुट हुए हैं, वह श्रमिक एकता की बड़ी मिसाल है।
प्रदर्शन के दौरान रखी गई प्रमुख मांगें
भारतीय मजदूर संघ बर्नपुर ने प्रदर्शन के दौरान कई प्रमुख मांगें रखीं। इस दौरान प्रबंधन द्वारा की जा रही अघोषित छंटनी का विरोध, वेज कोड एवं सोशल सिक्योरिटी को अविलंब लागू करने हेतु, एंट्री एवं एग्जिट की मनमानी नीति का विरोध, टाउनशिप एवं अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त करने, 39 महीनों के बकाया एरियर का तत्काल भुगतान करने एवं नियमित कर्मचारी एवं ठेका श्रमिकों के लिए बुनियादी सुविधा, कैंटीन, सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रदर्शन किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, जनरल सेक्रेटरी संजीत बनर्जी, संगठन मंत्री अमित सिंह, विजय कुमार, अशोक सिंह, मिथिलेश वर्मा, संतोष झा, महेश कुमार, बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश बनर्जी, जनरल सेक्रेटरी संजीत प्रसाद, दीपक सिंह, अंकित अस्थि, राजीव कुमार, सतीश सिंह सहित काफी संख्या में बीएमएस के कार्यकर्ता मौजूद थे।