सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : केंद्र सरकार द्वारा जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 की ताजा रैंकिंग में पश्चिम बंगाल के लिए बुरी खबर है। वायु गुणवत्ता और प्रदूषण नियंत्रण प्रबंधन के मामले में राज्य के सभी बड़े शहरों की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले प्रमुख शहरों (कैटेगरी-1) में आसनसोल को सबसे बड़ा झटका लगा है। पिछले दो वर्षों से लगातार 16 वें स्थान पर बना हुआ आसनसोल इस बार फिसलकर 32 वें स्थान पर पहुंच गया है। औद्योगिक प्रदूषण, वाहनों के धुएं और कचरा जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण में नाकामी को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, आसनसोल-रानीगंज औद्योगिक बेल्ट में लगातार बढ़ रहा वायु प्रदूषण चिंता का विषय है। PM 10 और PM 2.5 का स्तर लगातार मानकों से ऊपर बना हुआ है, जबकि प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपाय कागजों तक ही सीमित हैं। इधर, दुर्गापुर और हावड़ा जैसे शहरों की रैंकिंग में भी गिरावट आई है, जिससे राज्य के शहरी विकास विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पर्यावरणविदों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में आसनसोल की हवा और जहरीली हो सकती है।