आसनसोल

बाउरी समाज ने लिया संवैधानिक अधिकारों के प्रचार व नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प

पश्चिम बंगाल बाउरी समाज के राज्य सभापति गणेश बारी विशेष रूप से उपस्थित रहे

Gopal Kumar Singh

एसपी, सन्मार्ग संवाददाता

कुल्टी : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को एससी-एसटी समाज संगठन की ओर से नियामतपुर स्थित टहरम मोड़ पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान जागरूकता और बाबा साहेब के विचारों के प्रति सम्मान का संदेश देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब अमर रहें के नारों के साथ उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल बाउरी समाज के राज्य सभापति गणेश बारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

गणेश बारी ने दिया सामाजिक जागरूकता और बदलाव का संदेश इस अवसर पर गणेश बारी ने समस्त देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाउरी समाज का मुख्य उद्देश्य संविधान में निहित अधिकारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रत्येक वर्ग को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी, जब हम उनके बताए समानता, शिक्षा, न्याय और सामाजिक सम्मान के मार्ग पर चलेंगे। समाज में व्याप्त भेदभाव और कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त समाज निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। बाउरी समाज की ओर से लगातार नशे के खिलाफ आंदोलन और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। समाज के पदाधिकारियों ने युवाओं को नशे की लत से बचाने, शिक्षा के प्रति जागरूक करने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राज्य अध्यक्ष गालो कटोई, राज्य महासचिव श्यामलाल, राज्य सभापति गणेश बारी, जिला अध्यक्ष परिमल, जिला महासचिव मनोज (झारखंड), बूथ अध्यक्ष गणेश, बूथ सचिव मंटू, महासचिव संजय दास तथा सचिव शांतिमय सहित काफी संख्या में बाउरी समाज के लोग उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT