सांप के साथ अधिकारी की वायरल तस्वीर 
आसनसोल

सांप को पूंछ से घुमाकर जमीन पर पटका, पैरों से रौंदा

वीडियो वायरल

Sanjay Singh

बांकुड़ा: जिले के विष्णुपुर से वन्यजीव संरक्षण के दावों की पोल खोलने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे एक वीडियो में एक व्यक्ति सांप की पूंछ पकड़कर उसे हवा में घुमाते हुए जमीन पर पटकता और फिर पैरों से कुचलता दिख रहा है। पास खड़ा दूसरा शख्स घटना का वीडियो बनाता रहा। हालांकि सन्मार्ग वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

आरोपी की पहचान वन विभाग के बीट ऑफिसर राजीव मंडल के रूप में हुई है। स्थानीय युवक नीरज कुमार ने इस अमानवीय कृत्य की शिकायत राज्य के वन मंत्री से ई-मेल के जरिए की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विष्णुपुर विधायक शुक्ला चटर्जी ने कहा कि यदि वीडियो में दिख रही घटना सही है, तो वन विभाग को अविलंब उच्चस्तरीय जांच बैठाकर कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कदम उठाना चाहिए।

मजदूरों की रक्षा के लिए उठाया कदम

वहीं वन विभाग के अस्थायी कर्मी तन्मय लोहार ने अधिकारी का बचाव करते हुए कहा कि यह वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना है। डिपो परिसर में काम कर रहे मजदूरों के बीच अचानक आक्रामक 'इंडियन रैट स्नेक' (धामन सांप) आ गया था, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी। मजदूरों की जान बचाने और स्थिति पर काबू पाने के लिए अधिकारी को ऐसा करना पड़ा। किसी दुर्भावना से यह कदम नहीं उठाया गया था और बाद में सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया था।

SCROLL FOR NEXT