संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: मंदिरों की ऐतिहासिक नगरी विष्णुपुर का प्रसिद्ध ‘विष्णुपुर मेला’ इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भव्य रूप में सजेगा। देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले के उद्घाटन समारोह में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शामिल होने की प्रबल संभावना है। हालांकि, इनके आगमन को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
तैयारियों की जमीनी हकीकत परखने के लिए स्थानीय सांसद सौमित्र खां और राज्यमंत्री दिवाकर घरामी ने मेला परिसर का संयुक्त दौरा किया। इस दौरान बांकुड़ा के जिलाधिकारी अनीश दासगुप्ता सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।
तीन मैदानों का निरीक्षण, लोककला और हस्तशिल्प पर विशेष जोर
प्रशासनिक टीम ने विष्णुपुर हाई स्कूल मैदान और के.जी. इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान समेत कुल तीन मैदानों का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉल लगाने के स्थान, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, कुटीर उद्योग और बांकुड़ा की पारंपरिक लोककलाओं के प्रदर्शन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त वीआईपी आवागमन मार्ग, प्रवेश-निकास द्वार और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
मंत्री दिवाकर घरामी ने कहा, "इस बार मेले के उद्घाटन समारोह में महामहिम राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के शिरकत करने की पूरी संभावना है। बजट में बढ़ोतरी के साथ-साथ बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि यह मेला पहले से कहीं अधिक भव्य दिखे।"
जिला अधिकारी अनीश दासगुप्ता ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुविधा, कड़े सुरक्षा मानकों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।