घटनास्थल का दृश्य 
आसनसोल

विष्णुपुर में 2 बसों की आमने-सामने की टक्कर

8 यात्री घायल

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: विष्णुपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग -14 पर रेल ओवरब्रिज के पास 2 यात्री बसों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कम से कम 8 बस यात्री घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, आरामबाग से एक यात्री बस विष्णुपुर की तरफ आ रही थी, जबकि दूसरी बस विष्णुपुर से बांकुड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान, रेल ओवरब्रिज पर चढ़ने से पहले NH -14 पर दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अंदर बैठे यात्री इधर-उधर छिटक कर घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही विष्णुपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर इलाज के लिए विष्णुपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भिजवाया।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दोनों बसों की अत्यधिक रफ्तार ही इस दुर्घटना की मुख्य वजह है। उनका कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस ड्राइवरों को अधिक सावधानी और नियंत्रित गति से वाहन चलाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने हाईवे पर वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन से कड़ी निगरानी की मांग भी की है।

SCROLL FOR NEXT