संजय सन्मार्ग संवाददाता
बांकुड़ा: विष्णुपुर नगरपालिका के वार्ड संख्या 11 स्थित आइस बाजार इलाके में एक पुराने दोमंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में घर के भीतर रखा कीमती फर्नीचर और गृहस्थी का सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। गनीमत यह रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। घनी आबादी वाले इलाके में शाम के समय हुए इस हादसे से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आइस बाजार निवासी विश्वजीत दत्त अपनी बहनों बबिता दत्त और अमिता दत्त के साथ इस पुश्तैनी मकान में रहते हैं। रोजमर्रा की तरह शाम में घर में संध्या दीपक जलाया गया था। कुछ ही देर बाद जब परिवार की एक सदस्य नीचे आईं, तभी अचानक घर के ऊपरी हिस्से से आग की ऊंची लपटें और घना काला धुआं उठने लगा। परिजनों का शोर सुनकर आसपास के लोग फौरन बाल्टियों में पानी लेकर मदद के लिए दौड़े, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की विकरालता इतनी अधिक थी कि स्थानीय लोगों के प्रयास नाकाफी साबित हुए।
सूचना मिलते ही विष्णुपुर थाना की पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की तपिश इतनी तीव्र थी कि मकान की दीवारों का प्लास्टर उखड़ गया और छत से कंक्रीट के टुकड़े टूटकर गिरने लगे।
आग लगने की मुख्य वजह संध्या दीपक से निकली चिंगारी है अथवा शॉर्ट सर्किट, पुलिस और दमकल विभाग की टीम इसकी तकनीकी जांच में जुटी है।